अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने ईरान द्वारा गिरफ़्तार किए गए 10 अमरीकी नौसैनिकों को रिहा करने के लिए ईरान का आभार व्यक्त किया है।
बुधवार को एक बयान जारी करके केरी ने कहा, इस मुद्दे को तेज़ी से हल करने में सहयोग के लिए मैं ईरान के अधिकारियों के प्रति अपना आभार व्यक्त करना चाहता हूं।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को शांतिपूर्ण ढंग से और कुशलता से हल करना दर्शाता है कि हमारे देश को सुरक्षित और शक्तिशाली रखने में कूटनीति की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बुधवार को इससे पहले ईरान की इस्लामी क्रांति के संरक्षक बल आईआरजीसी ने कहा था कि उसने ग़लती से ईरान की जल सीमा में घुसने वाले अमरीकी सैनिकों को रिहा कर दिया है।
ईरान का कहना है कि गिरफ़्तार किए गए 10 अमरीकी नौसैनिकों को दोबारा ग़लती न करने के वचन के बाद रिहा किया गया है।
ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ मेजर जनरल हसन फ़ीरोज़ाबादी ने कहा है कि वह आशा करते हैं कि अमरीकी नौसैनिकों की गिरफ़्तारी, अमरीकी कांग्रेस के लिए एक पाठ होगी।
उल्लेखनीय है कि 12 जनवारी को ईरान की जल सीमा में प्रवेश के बाद आईआरजीसी ने अमरीका की दो नौकाओं को रोक लिया था और उन पर सवार 10 अमरीकी नौसैनिकों को गिरफ़्तार कर लिया था।